Operation Bullian Blaze : सोना तस्करों के बड़े गिरोह का भंडाफोड़

Authored By: News Corridors Desk | 12 Nov 2025, 03:30 PM
news-banner

राजस्व खुफिया निदेशालय DRI ने "ऑपरेशन बुलियन ब्लेज़" के तहत मुंबई में सोने की तस्करी, उसे चोरीछिपे भट्टियों में पिघलाने और परिष्कृत सोने को अवैध रूप से ग्रे मार्केट में बेचने में शामिल एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। DRI अधिकारियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर सोमवार को मुंबई में चार गुप्त स्थानों पर सोने को पिघलाने वाली दो अवैध इकाइयों और सोने को अवैध रूप से ग्रे मार्केट में बेचने दो अपंजीकृत दुकानों की तलाशी ली।


दोनों अवैध भट्टियों में तस्करी किए गए सोने को मोम और अन्य रूपों में बदलने के लिए पूरी व्यवस्था  थी। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध भट्टियां चलाने वालों को हिरासत में ले लिया और मौके पर ही 6.35 किलोग्राम सोना बरामद किया। इसके बाद, तस्करी का सोना और पिघली हुई छड़ें स्थानीय खरीदारों को बेचने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दो दुकानों की भी तलाशी ली गई, जिसमें से एक दुकान से 5.53 किलोग्राम अतिरिक्त सोने की छड़ें बरामद हुईं।


इस पूरी कार्रवाई में 24 कैरेट का 11.88 किलोग्राम सोना जिसका मूल्य 15.05 करोड़ रुपये है और 8.72 किलोग्राम चांदी  जिसकी क़ीमत 3.17 लाख रुपये है, सीमा शुल्क अधिनियम के तहत जब्त किया गया है। सोने की तस्करी, गलाने और अवैध बिक्री में श‍ामिल मास्टरमाइंड सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह गिरोह मास्टरमाइंड द्वारा अपने पिता, एक प्रबंधक, सोना पिघलाने वाले चार व्‍यक्तियों, तस्करी किए गए सोने का रिकॉर्ड रखने वाले एक एकाउंटेंट और सोने के वितरण का काम संभालने वाले तीन डिलीवरी कर्मियों की मिलीभगत से चलाया जा रहा था। सभी आरोपियों को मुंबई के संयुक्त वित्तीय आयुक्त  के समक्ष पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।