Arrest Drama: ‘छोटे सरकार’ अचानक आधी रात गिरफ़्तार

Authored By: News Corridors Desk | 02 Nov 2025, 05:11 PM
news-banner

पटना। कुख्यात बाहुबली नेता और मोकामा से बिहार विधानसभा प्रत्याशी अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार को बिहार पुलिस ने अचानक घटे नाटकीय घटनाक्रम में लगभग आधी रात को गिरफ़्तार कर लिया।


जनसुराज पार्टी के समर्थक बताए जा रहे दुलारचंद की हत्या के मामले में अनंत सिंह को शनिवार देर रात गिरफ़्तार किया गया। बाहुबली नेता के साथ ही दो और लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। जिन दो अन्य को गिरफ़्तार किया गया है उनके नाम मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम उर्फ दिमागी हैं.दो लोगों की तलाश जारी है। जिस वक्त ये गिरफ्तारियां की गईं उस वक्त रात के क़रीब पौने बारह बज रहे थे। गिरफ्तारी के वक्त अनंत सिंह या उनके समर्थकों की तरफ़ से कोई प्रोटेस्ट या प्रदर्शन की सूचना नहीं मिली। 


बाहुबली नेता की गिरफ्तारी की सूचना के बाद माहौल गरम होने लगा। इस गिरफ्तारी की जानकारी देने के लिए जिलाधिकारी और SSP ने देर रात प्रेस कांफ्रेंस की और पत्रकारों को गिरफ्तारी के बारे में बताया।


बता दें कि 30 अक्टूबर को मोकामा के तारतर इलाके में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। इसी दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हो गई। दुलारचंद के पोते ने अनंत सिंह समेत 4 के खिलाफ नामजद  FIR दर्ज करवायी थी। बाद में पियूष प्रियदर्शी नाम के शख्स ने 6 लोगों के विरुद्ध FIR करवाई थी। पुलिस ने अपनी जांच के आधार पर अलग से एक अलग FIR दर्ज की थी।इस हत्या के बाद बिहार पुलिस के साथ ही सरकार पर दबाव था। मामले पर चुनाव आयोग की भी निगाह थी ओर वह भी मामले में रिपोर्ट तलब कर रहा था।


गिरफ्तारी के बाद अनंत सिंह का एक पोस्ट वायरल होने लगा जिसमें उनकी तरफ़ से कहा गया ‘सत्यमेव जयते’। इस पोस्ट में यह भी कहा गया कि मोकामा की जनता पर उन्हें (अनंत सिंह) को पूरा भरोसा है और चुनव वह लड़ेगी। पोस्ट में लिखा, ‘सत्यमेव जयते।मुझे मोकामा की जनता पर पूर्ण भरोसा है। इसलिए चुनाव अब मोकामा की जनता लड़ेगी।’


अनंत सिंह मोकामा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। वह लगातार चुनाव प्रचार में एक्टिव थे। अनंत सिंह जेडी यू से चुनाव लड़ रहे हैं और उनका मुकाबला एक अन्य बाहुबली सूरजभान की पत्नी और आरजेडी प्रत्याशी सीमा सिंह से है। इस बीच दुलारचंद हत्याकांड में अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। 


आधीरात को अनंत सिंह को नाटकीय अंदाज़ में गिरफ्तारी पर सियासत भी तेज हे गयी है । आरजेडी ने आधी रात की गिरफ्तारी को बचाव का तरीका बताया है ओर सवाल किया है कि किसी अन्य की गिरफ्तारी अगर होती तो क्या उसे आधी रात को गिरफ़्तार करते हैं। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि यह गिरफ्तारी सिर्फ छवि बचाने और लीपापोती के लिए है।