महाकुंभ 2025 न सिर्फ धार्मिक आयोजनों के लिए चर्चा में रहा, बल्कि इस बार कुछ ऐसी कहानियाँ भी सामने आईं, जिन्होंने आम लोगों की ज़िंदगी ही बदल दी। इन्हीं में से एक नाम है – मोनालिसा। माला बेचने आई एक साधारण लड़की की किस्मत एक वायरल वीडियो ने इस तरह बदली कि अब वो सोशल मीडिया सेंसेशन बन चुकी हैं और जल्द ही अपने पहले म्यूजिक वीडियो में नज़र आने वाली हैं।
महाकुंभ से वायरल हुई मोनालिसा
प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान माला बेचने आईं मोनालिसा की वीडियो सोशल मीडिया पर इतनी तेजी से वायरल हुई कि लोग उनकी कजरारी, कत्थई आंखों और सांवले रंग के दीवाने हो गए। साधारण लिबास में दिख रही इस लड़की की सादगी और मासूमियत ने लोगों का दिल जीत लिया।
वायरल वीडियो के बाद मोनालिसा की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई कि उन्हें महाकुंभ छोड़कर वापस अपने घर लौटना पड़ा। भीड़ में उनसे मिलने वालों की तादाद दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही थी। यहीं पर उनकी मुलाकात डायरेक्टर सनोज मिश्रा से हुई, जिन्होंने उन्हें अपनी फिल्म ‘द नेपाल डायरी’ के लिए साइन कर लिया और एक्टिंग क्लासेस भी शुरू करवा दीं।
मोनालिसा की सोशल मीडिया पोस्ट
हाल ही में मोनालिसा ने अपने पहले म्यूजिक वीडियो ‘जय महाकाल’ की शूटिंग पूरी की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस वीडियो की झलकियां और तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिसमें वह सफेद पारंपरिक पोशाक में अपने को-स्टार उत्कर्ष सिंह के साथ नज़र आ रही हैं। दोनों का लुक दर्शकों को काफी पसंद आया है।
मोनालिसा ने अपनी पोस्ट में लिखा, "जय महाकाल गाने की शूटिंग पूरी हो गई है। रिलीज का बेसब्री से इंतजार है। इस गाने को ढेर सारा प्यार दीजिएगा।"
वीडियो में वो कैमरे के सामने आत्मविश्वास से भरी नज़र आ रही हैं।
सोशल मीडिया पर मोनालिसा के फैंस उन्हें शुभकामनाएँ दे रहे हैं और गाने के रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। कई लोगों ने उनकी इस जर्नी को "प्रेरणादायक" बताया है।