- मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास सड़क किनारे मिला नीरज यादव का शव
- सोनीपत में अंशनीर स्पोर्ट्स अकादमी चलाते थे पैरा एथलीट
- स्कॉर्पियो-एन गाड़ी से सल्फास की डिब्बी मिलने से बढ़ा संदेह
- पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं की कर रही जांच
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की असली वजह
|
Neeraj Yadav Death: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सड़क किनारे पैरा एथलीट नीरज यादव का शव मिलने से सनसनी फैल गई। हरियाणा के सोनीपत निवासी नीरज अपनी खेल अकादमी चलाते थे। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल रहस्य बना हुआ है। उनकी स्कॉर्पियो-एन गाड़ी से सल्फास की डिब्बी मिलने के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है।
पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:08 बजे जीटीबी अस्पताल से जाफराबाद थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी नीरज यादव के रूप में हुई। नीरज यादव सोनीपत में ‘अंशनीर स्पोर्ट्स अकादमी’ चलाते थे। वह शादीशुदा थे और उनकी तीन साल की बेटी है।
महिला मित्र ने जो पुलिस को बताया...
पुलिस जांच में पता चला कि नीरज की दिसंबर 2025 से एक महिला के साथ मित्रता थी। महिला के बयान के मुताबिक, 27 अक्टूबर को उसकी सोनीपत में नीरज से मुलाकात हुई थी। इस दौरान उसने आगे संपर्क में नहीं रहने की बात कही। इसके बाद नीरज अपनी स्कॉर्पियो-एन गाड़ी से उसे मौजपुर छोड़ने आया। रात करीब दो नौ बजे किसी बात को लेकर संदेह होने पर वह मौजपुर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास पहुंची। वहां नीरज सड़क पर पड़ा मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जाफराबाद थाना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।