कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपना 56वां जन्म दिन मनाया। उनके जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना की है। लेकिन, पीएम मोदी की पार्टी के नेता ने इस मौके पर भी कांग्रेस नेता पर तंज कसना नहीं छोड़ा।
राहुल गांधी के जन्मदिन को काँग्रेस कार्यकर्ताओं ने देशभर में जगह जगह अलग अलग आयोजन कर मनाया। कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कुछ जगहों पर राहुल की तस्वीर रखकर केक काटे तो कुछ जगहों पर जनसेवा कर अपने नेता के दीर्घायु होने की कामना की।
किसने किया राहुल की उम्र पर तंज?
इस बीच बीजेपी नेता और पार्टी के नेशनल आईटी डिपार्टमेंट के इंचार्ज अमित मालवीय ने एक्स पर लिखे एक पोस्ट में कहा, 'राहुल गांधी अब सीनियर सिटिजन बनने से महज चार साल दूर हैं। अब परिपक्वता की उम्मीद की जा सकती थी।’
अमित मालवीय ने आगे लिखा, 'राजनीति में दो दशकों के बाद, अनगिनत बार लॉन्च होकर, रिब्रांडिंग अभियानों, यात्राओं, चर्चाओं और बार-बार 'बड़े होने' वाले चरणों के बाद अब तो थोड़ी और राजनीतिक परिपक्वता की उम्मीद की जा सकती थी।'
पीएम मोदी ने की अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर लिखा, 'लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना करता हूं।'