राजस्थान के बीकानेर में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने नई बीकानेर-अहमदाबाद ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में रेलवे नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है।
नई रेलवे लाइनों, स्टेशन पुनर्विकास, डबलिंग प्रोजेक्ट्स और नए रेल कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है।
सरकार का मानना है कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से न सिर्फ यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी और रणनीतिक दृष्टि से भी देश को मजबूती मिलेगी।
अश्विनी वैष्णव ने एक बड़ा आंकड़ा भी साझा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय राजस्थान में रेलवे पर सालाना निवेश करीब 683 करोड़ रुपये था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बढ़कर 10,228 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यानी रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी में कई गुना बढ़ोतरी का दावा किया जा रहा है। बीकानेर-अहमदाबाद ट्रेन सेवा की शुरुआत सिर्फ एक नई ट्रेन नहीं है, बल्कि यह पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों को देश के विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।