उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर जारी किया अपना पक्ष
कहा, दो अलग कार्यक्रमों को जोड़कर किया जा रहा विश्लेषण
|
राष्ट्रगान की ध्वनि के बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के जाने के वायरल वीडियो पर उनकी सफ़ाई सामने आई है जिसमें उन्होंने कहा है कि वीडियो का ‘भ्रामक विश्लेषण’ किया जा रहा है।
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर रविवार 23 अगस्त 2026 को एक वीडियो वायरल होने लगा जिसमें राष्ट्रगान की ध्वनि सुनाई दे रही है और महाना एक मंच से उतरकर जाते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद जहां विपक्षी दलों ने उनपर निशाना साधना शुरू कर दिया वहीं सोशल मीडिया पर भी तरह तरह की टिप्पणियां होने लगीं।
इन सब के बीच महाना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना पक्ष जारी करते हुए कहा, ‘कल उन्नाव में 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिए जाने के दौरान, संयोगवश उसी समय प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) के भीतर राष्ट्रगान प्रारंभ हुआ, जहां हमारी उपस्थिति नहीं थी। ये दोनों कार्यक्रम पूर्णतः अलग थे। परंतु सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो साझा कर ऐसा भ्रामक विश्लेषण किया जा रहा है, मानो राष्ट्रगान के समय हम रुके नहीं। मैं यह पूर्णतः स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं हुआ।’
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो के संबंध में सही तथ्यों का ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विधान सभा से लेकर अपने विधान सभा क्षेत्र तक, प्रत्येक अवसर व स्थान पर उन्होंने, उनके कार्यकर्ताओं तथा सहयोगियों ने सदैव संविधान और राष्ट्रगान का सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे।