एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस की मां का निधन, लम्बे समय से थी बीमार

Authored By: News Corridors Desk | 06 Apr 2025, 02:16 PM
news-banner
बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां किम फर्नांडिस का आज निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और कुछ समय पहले उन्हें हार्ट स्ट्रोक आया था। इस दुखद घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस में शोक की लहर है।

लंबे समय से बीमार थीं किम फर्नांडिस


जैकलीन की मां किम फर्नांडिस पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार चल रही थीं। 24 मार्च को उन्हें हार्ट स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें आईसीयू में रखा गया था। डॉक्टर्स की तमाम कोशिशों के बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।

टीम जैकलीन ने की पुष्टि


जैकलीन फर्नांडिस की टीम ने उनकी मां के निधन की खबर की पुष्टि की है। टीम के आधिकारिक X (पहले ट्विटर) हैंडल से एक शोक संदेश जारी किया गया, जिसमें लिखा गया,
“हम जैकलीन की प्यारी मां किम फर्नांडिस के निधन पर बहुत दुःखी हैं। वह हमें बहुत जल्दी छोड़कर चली गईं, और इस अविश्वसनीय रूप से कठिन समय में हमारी संवेदनाएं जैकी और उनके परिवार के साथ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”

जैसे ही यह खबर फैली, जैकलीन का परिवार भी मुंबई पहुंच गया है ताकि इस कठिन समय में वह अभिनेत्री के साथ रह सके। बताया जा रहा है कि किम फर्नांडिस के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

अस्पताल के बाहर दिखीं जैकलीन


हाल ही में जैकलीन को लीलावती अस्पताल के बाहर स्पॉट किया गया था। वह चेहरे पर मास्क पहने हुए थीं और पैपराजी से बचते हुए सीधे अस्पताल के अंदर चली गईं। इससे पहले भी उनकी मां के निधन की अफवाहें उड़ी थीं, जिन्हें उस समय गलत बताया गया था, लेकिन अब खबर की पुष्टि हो चुकी है।

किम फर्नांडिस के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई सेलेब्स और जैकलीन के करीबी दोस्तों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। जैकलीन इस वक्त काफी टूट चुकी हैं और अपने परिवार के साथ वक्त बिता रही हैं।