रिटायरमेंट की अनाउंसमेंट के बाद प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे विराट-अनुष्का

Authored By: News Corridors Desk | 13 May 2025, 12:01 PM
news-banner
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा की। इस इमोशनल पल के एक दिन बाद, विराट और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज से आध्यात्मिक चर्चा की और आशीर्वाद प्राप्त किया। यह कपल श्री हित राधा केली कुंज आश्रम में करीब साढ़े तीन घंटे तक रुका।

तीसरी बार प्रेमानंद महाराज के चरणों में पहुंचे विराट-अनुष्का

विराट और अनुष्का के लिए प्रेमानंद महाराज से मिलना कोई नया अनुभव नहीं है। यह तीसरी बार है जब यह जोड़ी महाराज के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने वृंदावन पहुंची है।

विराट कोहली सबसे पहले 2023 में प्रेमानंद महाराज से मिले थे।

इसके बाद जनवरी 2024 में अनुष्का और विराट अपने बच्चों के साथ दोबारा वहां गए थे।

अब, टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट के अगले ही दिन, वे तीसरी बार पहुंचे।

आश्रम में आध्यात्मिक चर्चा और सादगी भरा दर्शन

सोमवार को रिटायरमेंट की घोषणा करने के बाद मंगलवार को यह पावर कपल वृंदावन के राधा केली कुंज आश्रम में पहुँचा। वहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज के साथ आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की और ध्यान व प्रार्थना में समय बिताया। सोशल मीडिया पर इस मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विराट और अनुष्का बेहद शांत और सादगीभरे अंदाज़ में दिख रहे हैं।

अनुष्का शर्मा का इमोशनल पोस्ट

विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद अनुष्का शर्मा ने एक भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर किया। उन्होंने विराट के साथ एक खूबसूरत तस्वीर साझा करते हुए लिखा:

“लोग रिकॉर्ड और मील के पत्थर की बात करेंगे – लेकिन मुझे वो आंसू याद रहेंगे जो आपने कभी नहीं दिखाए, वो संघर्ष जो किसी ने नहीं देखा, और वो अटूट प्यार जो आपने इस फॉर्मेट को दिया।"

उन्होंने आगे लिखा:

“मैंने हमेशा आपको सफेद कपड़ों में रिटायर होते हुए इमेजिन किया था – लेकिन आपने हमेशा अपने दिल की सुनी, और यही आपकी खूबसूरती है। माई लव, आपने इस अलविदा का हर पल कमाया है।”