- अमित शाह बोले- यूपी में भाजपा अंगद का पैर, कोई नहीं हिला सकता
- तीसरी बार सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता लागू करने का ऐलान
- 2017 में माफिया के डर से लखनऊ में नहीं हुई थी इन्वेस्टमेंट समिट
- योगी सरकार की तारीफ, कहा- प्रदेश को माफिया से मुक्त कराया
- कार्यकर्ताओं से मनमुटाव भुलाकर 2027 चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा
|
Amit Shah UP BJP Meeting: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का चुनावी एजेंडा स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता ucc लागू की जाएगी। शुक्रवार को आशियाना स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। कार्यकर्ता अर्जुन की तरह मछली की आंख यानी चुनाव में जीत के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें।
शाह ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बदलने का प्रयास किया है। 2017 में जब वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब भाजपा ने प्रदेश में जीत हासिल की और योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया। उस समय प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या माफिया का दबदबा था। हालात ऐसे थे कि उत्तर प्रदेश में इन्वेस्टमेंट समिट आयोजित करने के लिए निवेशक लखनऊ आने को तैयार नहीं थे। इसलिए दिल्ली जाकर इन्वेस्टमेंट समिट करनी पड़ी थी।
योगी सरकार की तारीफ, माफिया पर कार्रवाई का जिक्र
अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कठोर शासन का परिचय देकर उत्तर प्रदेश को माफिया से मुक्त करने का काम किया। शाह के मुताबिक, सपा और बसपा की सरकारों के समय उत्तर प्रदेश को माफिया और अपराध के गढ़ के रूप में बना दिया गया था, जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने इसे विकास और सुशासन का पर्याय बनाने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में प्रदेश ने निवेश, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, रोजगार और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नए कीर्तिमान बनाए हैं। शाह ने दावा किया कि प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश जमीन पर उतर चुके हैं।
कार्यकर्ताओं से कहा- मनमुटाव भुलाकर चुनाव में जुटें
शाह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी नाराजगी और मनमुटाव भुलाकर चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा। उनका कहना था कि कार्यकर्ता पार्टी के मालिक हैं और उन्हें जनता के बीच जाकर केंद्र तथा प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बतानी चाहिए। सरकार की योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देने पर भी उन्होंने जोर दिया।
शाह ने कहा कि चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं से बार-बार मुलाकात होगी और उनके कामकाज का हिसाब भी लिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि सभी कार्यकर्ताओं के सामने एक ही लक्ष्य होना चाहिए—2027 में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाना।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर हमला
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव की राजनीति से अगले 30 साल तक भाजपा को चुनौती मिलने वाली नहीं है। उन्होंने अयोध्या में 30 अक्टूबर 1990 को रामभक्तों पर गोली चलाए जाने की घटना का उल्लेख कर सपा को घेरा। शाह ने सवाल किया कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का अपना वादा पूरा किया है।
वोट चोरी के विपक्षी आरोपों पर भी शाह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद अंपायर पर आरोप लगाए जा रहे हैं। शाह ने दावा किया कि भाजपा संसद में हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।
तावड़े ने चुनावी नेतृत्व को लेकर दिया संकेत
बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने संकेत दिया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अमित शाह के मार्गदर्शन में लड़ा जाएगा। शाह द्वारा अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बार-बार तारीफ किए जाने को भी तावड़े ने प्रदेश में नेतृत्व को लेकर महत्वपूर्ण संकेत बताया।