उत्तराखंड में बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, कई लोगों की मौत की आशंका

उत्तराखंड में बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, कई लोगों की मौत की आशंका
  • बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त
  • हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग थे सवार
  • मुख्यमंत्री धामी ने रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की जानकारी दी
  • अखिलेश यादव ने आधुनिक तकनीक से तलाश करने की मांग की
  • हादसे में सभी छह लोगों के मारे जाने की आशंका

Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास चाई गांव के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। शुरुआती रिपोर्टों में सभी छह लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है।

जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के लिए उड़ान भरी थी। कुछ समय बाद जोशीमठ क्षेत्र में उसका संपर्क टूट गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान चाई गांव के आसपास धुआं दिखाई देने की सूचना भी मिली। बाद में हेलीकॉप्टर का मलबा मिलने की खबर सामने आई। विमान में पांच यात्री और एक पायलट सवार थे।

सीएम धामी बोले- रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। धामी ने हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों के सकुशल होने की कामना भी की।

अखिलेश यादव ने जताई चिंता, आधुनिक तकनीक से तलाश की मांग

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी हेलीकॉप्टर लापता होने की खबर पर चिंता जताई। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'उत्तराखण्ड में हैलिकॉप्टर लापता होने की ख़बर बेहद चिंताजनक है। अत्याधुनिक तकनीकी का इस्तेमाल करके शीघ्र पता किया जाए और हैलिकॉप्टर में सवार लोगों के बारे में जानकारी सार्वजनिक की जाए। हर संभव उपचार की भी व्यवस्था की जाए।'

अखिलेश यादव ने हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की स्थिति की जानकारी जल्द सार्वजनिक करने और उनके उपचार की समुचित व्यवस्था करने की मांग की।

खराब मौसम के बीच हुआ हादसा

हेलीकॉप्टर हादसे के बाद चमोली जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। पर्वतीय क्षेत्र में तलाशी और बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।