- वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राजधानी की सुरक्षा पर हुई चर्चा
- महिला सुरक्षा और पुलिसकर्मियों पर हमलों के मुद्दे उठे
- नशे के कारोबार, गैंगवार और संगठित अपराध पर मंथन
|
Amit Shah Delhi Police Meeting: राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति और मौजूदा हालात पर चर्चा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मुख्यालय पहुंचीं । यहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर राजधानी की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्षी दलों और छात्र संगठनों के विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। विपक्षी दलों ने चुनावी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।
इसी मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल दलों ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित करने का ऐलान किया है। ऐसे में गृह मंत्री और मुख्यमंत्री का दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचना राजनीतिक और सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में महिला सुरक्षा को लेकर उठाए जा रहे कदमों तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के मुद्दे पर विचार-विमर्श हुआ। पुलिसकर्मियों पर हमले और वर्दी की गरिमा को चुनौती देने वाली घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
नशे से गैंगवार तक सब पर चर्चा
इसके अलावा, नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने, सक्रिय आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क को ध्वस्त करने, गैंगवार पर रोक लगाने और गैंगस्टरों के खिलाफ प्रभावी रणनीति तैयार करने जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहे। अपराधियों के बीच कानून का भय कायम करने और संगठित अपराध पर लगाम लगाने को लेकर पुलिस की कार्रवाई को और मजबूत बनाने पर बल दिया गया।
बैठक में ये रहे शामिल
इस उच्चस्तरीय बैठक में दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के साथ सभी विशेष पुलिस आयुक्त, संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त तथा विशेष प्रकोष्ठ और अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में राजधानी की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार कर पुलिस व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में चर्चा की गई।
शाह की समीक्षा बैठक बनी अहम
गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचना ऐसे समय में महत्वपूर्ण है, जब राजधानी में विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं और आगामी आयोजनों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में पुलिस की तैयारियों, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर हुई यह समीक्षा दिल्ली की सुरक्षा रणनीति के लिहाज से अहम मानी जा रही है।