New CJI: राष्ट्रपति ने किया वारंट पर दस्तखत, 24 नवंबर को दायित्व संभालेंगे जस्टिस सूर्यकांत

Authored By: News Corridors Desk | 31 Oct 2025, 12:40 PM
news-banner

दिल्ली। राष्ट्रपति ने न्यायमूर्ति सूर्यकांत को भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति के लिए वारंट पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। भारत सरकार के न्याय विभाग द्वारा उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी गई है। न्यायमूर्ति सूर्यकांत 24 नवम्‍बर, 2025 को भारत के मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करेंगे।


हरियाणा के हिसार ज़िले के पेटवाड़ गाँव में 10 फ़रवरी 1962 को जन्‍मे न्‍यायमूर्ति सूर्यकांत ने 1984 में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से कानून की डिग्री हासिल की और उसी वर्ष हिसार ज़िला न्यायालय में वकालत शुरू की। 1985 में, वे संवैधानिक, सेवा और सिविल मामलों में विशेषज्ञता हासिल करते हुए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ चले गए। 7 जुलाई, 2000 को, उन्हें हरियाणा का सबसे युवा महाधिवक्ता नियुक्त होने का गौरव प्राप्त हुआ ।


उन्हें 5 अक्टूबर, 2018 को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया और उसके बाद 24 मई, 2019 को भारत के उच्‍चतम न्यायालय में पदोन्नत किया गया।