दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर पद का चुनाव शुक्रवार को संपन्न हुआ, जिसमें भाजपा के उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह को भारी बहुमत से जीत मिली। चुनाव में कुल 142 वोट डाले गए, जिनमें से 133 वोट राजा इकबाल सिंह को मिले। एक वोट अमान्य घोषित किया गया।
उप-महापौर बने जय भगवान यादव
मेयर के साथ-साथ उप-महापौर पद का भी चुनाव हुआ, जिसमें जय भगवान यादव निर्वाचित हुए। कांग्रेस ने उप-महापौर पद पर अपना नामांकन वापस ले लिया था, जिससे भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध विजेता बने।
'सफाई रहेगी प्राथमिकता – राजा इकबाल सिंह
जीत के बाद राजा इकबाल सिंह ने कहा कि वह सभी दलों को साथ लेकर काम करेंगे और दिल्ली की जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा, “सफाई मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी। जनता को कोई भी सुविधा देने में भेदभाव नहीं किया जाएगा।”
आप ने किया चुनाव का बहिष्कार
दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस बार मेयर चुनाव का बहिष्कार किया और किसी भी उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा। वहीं, कांग्रेस ने चुनाव में भाग तो लिया, लेकिन उप-महापौर पद से अपने उम्मीदवार को हटा लिया।
राजा इकबाल सिंह पहले नॉर्थ एमसीडी के मेयर और MCD में विपक्ष के नेता भी रह चुके हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मंदीप सिंह को हराया। दिल्ली के कई सांसद जैसे बांसुरी स्वराज, रामवीर सिंह बिधूड़ी और कमलजीत सहरावत उनके साथ पदभार ग्रहण करने के दौरान उपस्थित रहे।
राजा इकबाल सिंह ने आम आदमी पार्टी के महेश कुमार खिची की जगह ली है, जो पूर्व मेयर थे। सिंह ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के साथ सामंजस्य से काम करेंगे।