समाजवादी पार्टी (सपा) की युवा सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेट टीम के सितारे रिंकू सिंह जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी की तारीख तय हो चुकी है और 18 नवंबर 2025 को यह जोड़ा सात फेरे लेगा। शादी से पहले 8 जून को लखनऊ के एक होटल में रिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी, जिसमें परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदार शामिल होंगे।
जनवरी में हुआ था रिश्ता पक्का
प्रिया सरोज और रिंकू सिंह का रिश्ता इसी साल जनवरी में तय हुआ था। दोनों का रोका हो चुका है और अब सगाई की तैयारियां जोरों पर हैं। 8 जून की रिंग सेरेमनी के साथ इस रिश्ते की औपचारिक शुरुआत होगी।
प्रिया सरोज: देश की सबसे युवा महिला सांसद
प्रिया सरोज 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर सांसद बनीं। उस समय उनकी उम्र मात्र 25 वर्ष 6 महीने और 12 दिन थी, जिससे वे भारत की सबसे युवा महिला सांसद बनीं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के बीपी सरोज को 35,850 वोटों के अंतर से हराकर यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
प्रिया सरोज का जन्म 23 नवंबर 1998 को वाराणसी में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नई दिल्ली स्थित एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से आर्ट्स में स्नातक और नोएडा स्थित एमिटी विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की।
उनके पिता तूफानी सरोज समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। वर्तमान में वे केराकत सीट से विधायक हैं।
रिंकू सिंह से मुलाकात का दिलचस्प किस्सा
प्रिया और रिंकू की पहली मुलाकात एक सहेली के माध्यम से हुई थी। दरअसल, प्रिया की सहेली के पिता पूर्व क्रिकेटर हैं और रिंकू सिंह से उनकी अच्छी जान-पहचान है। उन्हीं की पहल पर दोनों की पहली मुलाकात हुई, जो अब जल्द ही शादी के मुकाम तक पहुंचने जा रही है।
रिंकू सिंह: क्रिकेट की दुनिया का चमकता सितारा
रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के होनहार खिलाड़ी हैं, जिन्होंने आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से लाखों दिलों को जीता है। मैदान पर अपनी दमदार परफॉर्मेंस के साथ-साथ अब वे निजी जीवन में भी एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं।