मिर्जापुर (यूपी)। जिले के रायपुरी ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या 6 में लंबे समय से जाम पड़ी करीब 300 मीटर लंबी नाली की सफाई होने से स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है। नाली के पूरी तरह अवरुद्ध होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा था, जिससे क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया था। इससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा था, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या के समाधान के लिए स्थानीय निवासी विनोद कुमार और अन्य लोगों ने CPGRAMS पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई । इसके बाद पंचायती राज मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से मामले में त्वरित कार्रवाई की गई। पंचायत सचिव को मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए गए, जिसके बाद नाली की पूरी तरह सफाई कराई गई।
क्या है CPGRAMS पोर्टल?
केंद्रीकृत सार्वजनिक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली CPGRAMS एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है जो नागरिकों को चौबीसों घंटे सातों दिन उपलब्ध है। इसके माध्यम से वे सेवा वितरण से संबंधित किसी भी विषय पर अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। यह एक एकल पोर्टल है जो भारत सरकार और राज्यों के सभी मंत्रालयों और विभागों से जुड़ा हुआ है।
प्रत्येक मंत्रालय और राज्य को इस प्रणाली तक भूमिका-आधारित पहुंच प्राप्त है। CPGRAMS गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किए जा सकने वाले एक स्वतंत्र मोबाइल एप्लिकेशन और उमंग के साथ एकीकृत मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से भी नागरिकों के लिए सुलभ है।