अंजलि अरोड़ा को कानूनी नोटिस, कानपुर इवेंट आयोजकों ने क्यों मांगा 1.20 करोड़ का मुआवजा?

अंजलि अरोड़ा को कानूनी नोटिस, कानपुर इवेंट आयोजकों ने क्यों मांगा 1.20 करोड़ का मुआवजा?
हाइलाइट्स
• अंजलि अरोड़ा को 1.20 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस
• आयोजकों ने 15 दिनों में सार्वजनिक माफी की मांग की
• कानपुर इवेंट बीच में छोड़ने को लेकर हुआ विवाद

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस अंजलि अरोड़ा कानपुर में हुए एक कार्यक्रम को लेकर कानूनी विवाद में घिर गई हैं। कार्यक्रम के आयोजकों ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजकर कुल 1.20 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। साथ ही, 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है। आयोजकों का आरोप है कि अंजलि कार्यक्रम बीच में छोड़कर चली गई थीं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ और मेहमान भी नाराज हुए।

'कच्चा बादाम' गाने को लेकर हुआ था विवाद

यह मामला कानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम का है, जहां अंजलि अरोड़ा स्टेज पर मौजूद थीं। इसी दौरान डीजे ने 'कच्चा बादाम' गाना बजा दिया। गाना सुनने के बाद अंजलि नाराज हो गईं और डीजे से बात करने के लिए पीछे मुड़ गईं।

इसके बाद कार्यक्रम के आयोजक ने अंजलि पर पब्लिसिटी स्टंट करने और कार्यक्रम खराब करने का आरोप लगाया था। आयोजक ने कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही थी। अब इसी मामले में अंजलि को कानूनी नोटिस भेजा गया है।

आयोजकों ने 1.20 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की

अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, वकील करीम अहमद सिद्दीकी ने बताया कि आयोजकों ने अंजलि से मानहानि के लिए 1 करोड़ रुपये और कार्यक्रम के दौरान हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए 20 लाख रुपये मांगे हैं।

आयोजकों का कहना है कि अंजलि को कार्यक्रम में 45 मिनट तक स्टेज पर रहना था। इसके अलावा, उन्हें स्पॉन्सर्स और खास मेहमानों को स्मृति चिह्न भी देने थे। आयोजकों के मुताबिक, अंजलि के बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर जाने से मेहमानों को बुरा लगा और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

अंजलि अरोड़ा को कार्यक्रम के लिए कितनी रकम मिली थी?

आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अंजलि अरोड़ा को 3 लाख रुपये दिए गए थे। इसके अलावा, उनके आने-जाने की व्यवस्था पर 1 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए गए थे।

फिलहाल, इस कानूनी नोटिस और आयोजकों की ओर से की गई मुआवजे की मांग पर अंजलि अरोड़ा की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।