कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे और उसके साथ गिरफ्तार दो अन्य आरोपियों को अदालत से राहत नहीं मिली है। शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं। अदालत ने मामले को गंभीर प्रकृति का मानते हुए जमानत देने से इनकार किया।
सेशन कोर्ट में चलेगा मुकदमा
तीनों आरोपियों की ओर से सीजेएम कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दाखिल की गई थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि मामला गंभीर है और इसका ट्रायल सेशन कोर्ट में होना है। ऐसे में आरोपियों को जमानत देने का उचित आधार नहीं बनता है।
नागपुर से गिरफ्तार हुए थे तीनों आरोपी
श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और तनवीर उर्फ दानिश को 20 अक्टूबर को नागपुर के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद तीनों को लखनऊ लाया गया।
गुरुवार को आरोपियों से करीब छह घंटे 35 मिनट तक पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद तीनों को 10 दिन के लिए जेल भेज दिया गया था।
जेल में पहली रात बेचैनी में बीती
जेल पहुंचने के बाद श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे की पहली रात ठीक से नहीं गुजरी। संवाद न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, जिला जेल में मच्छरों और जेल के माहौल के बीच दोनों बहनों को नींद आने में परेशानी हुई। वे काफी देर तक जागती रहीं और आपस में बातचीत करती रहीं। देर रात दोनों अपने-अपने बिस्तर पर लेट गईं।
सुबह नाश्ते में लिया दलिया
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों बहनों ने जेल में रात का भोजन किया। इसके बाद वे काफी देर तक बैठकर बातचीत करती रहीं। सुबह उठने पर उन्होंने नाश्ते में दलिया लिया और फिर नहाने चली गईं। जेल प्रशासन उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।
तनवीर उर्फ दानिश भी रातभर रहा बेचैन
श्रद्धा दुबे के ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश की पहली रात भी बेचैनी में बीती। रिपोर्ट के अनुसार, उसने रात में खाना खाया, लेकिन पूरा भोजन नहीं किया। हल्का भोजन करने के बाद वह लेट गया, हालांकि देर रात तक उसे नींद नहीं आई।
जेलकर्मी तीनों बंदियों की निगरानी करते रहे। शिवा शर्मा हत्याकांड में श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और तनवीर उर्फ दानिश जेल में बंद हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।