MLC Election: फूट-फूटकर रोए सपा उम्मीदवार, बोले- 'मैं अगले महीने इस्लाम कबूल कर लूंगा'

MLC Election: फूट-फूटकर रोए सपा उम्मीदवार, बोले- 'मैं अगले महीने इस्लाम कबूल कर लूंगा'
हाइलाइट्स
• आगरा में सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल के गंभीर आरोप
• मतदान में गड़बड़ी और बूथ कैप्चरिंग का दावा
• मीडिया के सामने फूट-फूटकर रोए आकाश अग्रवाल
• धर्म परिवर्तन करने की कही बात

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार को हुए मतदान के दौरान आगरा शिक्षक खंड से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने गड़बड़ी के आरोप लगाए। मीडिया से बातचीत करते हुए वह फूट-फूटकर रोने लगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह लखनऊ की शाही ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन कर लेंगे।

समर्थकों को परेशान करने और मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी का आरोप

डॉ. आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान उनके समर्थकों को परेशान किया गया और मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी हुई। उन्होंने खेरागढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि पीठासीन अधिकारी के खाना खाने के दौरान सभी लोगों को बाहर निकाल दिया गया।

सपा प्रत्याशी ने छाता बूथ पर भी बूथ लूटने का आरोप लगाया। उन्होंने अधिकारियों पर अपने कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता करने और उन्हें परेशान करने का आरोप भी लगाया।

भावुक होकर बोले- धर्म परिवर्तन कर लूंगा

मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. आकाश अग्रवाल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, मानो वह पाकिस्तान से आए कोई आतंकवादी हों। उन्होंने प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह ऐसे सनातन में नहीं रहना चाहते हैं।

इसी दौरान सपा प्रत्याशी ने कहा कि वह लखनऊ की शाही ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन कर लेंगे।

हार-जीत से फर्क नहीं पड़ता: आकाश अग्रवाल

डॉ. आकाश अग्रवाल ने कहा कि उन्हें चुनाव में हार या जीत से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि वह आजाद भारत में रह रहे हैं और किस पार्टी से चुनाव लड़ना है या नहीं लड़ना है, इसका फैसला वह खुद करेंगे।

सपा प्रत्याशी ने यह भी आरोप लगाया कि मतदान के दौरान अब भी बूथ कैप्चरिंग हो रही है।