Indo-NZ FTA: गोयल की मैक्ले से द्विपक्षीय वार्ता, दोनो पक्ष प्रगति से संतुष्ट

Authored By: News Corridors Desk | 18 Nov 2025, 12:05 PM
news-banner

प्रस्तावित भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता FTA को धरातल पर उतारने के लिए जारी बातचीत के क्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और न्यूज़ीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले ने वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार पर सहमति बनाने की कोशिश को आगे बढ़ाया।
मुंबई में सोमवार को हुई द्विपक्षीय बैठक इस लिहाज़ से महत्वपूर्ण रही कि इसमें दोनों मंत्रियों ने वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार से संबंधित प्रमुख विषयों पर सहमति कायम करने की दिशा में बढ़ने पर ध्यान केंद्रित किया।
दोनों पक्षों ने स्वीकार किया कि हाल के दौर में ठोस प्रगति हुई है। कई बिंदुओं पर सहमति बन गई है और समझौते के शीघ्र और पारस्परिक रूप से संतोषजनक निष्कर्ष तक पहुँचने के लिए स्पष्ट साझा समझ उभर रही है।
दोनों मंत्रियों ने इस बात का उल्लेख किया कि वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार लगभग 49 प्रतिशत की मज़बूत वृद्धि दर्शाते हुए 1.3 बिलियन डॉलर तक पहुँच गया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि  एक समग्र और संतुलित मुक्त व्यापार समझौता न केवल व्यापार प्रवाह को गति देगा, बल्कि निवेश संबंधों को भी व्यापक बनाएगा, आपूर्ति-श्रृंखला के लचीलेपन को मज़बूत करेगा और दोनों देशों में व्यवसायों के लिए पारदर्शी, स्थिर और पूर्वानुमानित ढाँचा प्रदान करेगा।

दोनों मंत्रियों ने महत्वाकांक्षी और दूरदर्शी साझेदारी के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि मुक्त व्यापार समझौते में सेवाओं, नवाचार और प्रौद्योगिकी सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण संभावनाओं का पता लगाने की क्षमता है। उन्होंने सकारात्मक गति बनाए रखने तथा  समझौते को शीघ्र, संतुलित और पारस्परिक लाभकारी रूप से संपन्न करने के लिए आने वाले हफ्तों में प्रयास तेज करने पर सहमति प्रकट की।