आईपीएल 2026 में रविवार को खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने आखिरकार जीत का स्वाद चखा। टीम ने राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की। इस जीत के बाद स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने ड्रेसिंग रूम का ऐसा भावुक माहौल बताया, जिसने सबको चौंका दिया।
जीत के बाद भावुक हुआ ड्रेसिंग रूम
लगातार छह मैच हारने के बाद मिली इस जीत का असर खिलाड़ियों पर साफ दिखा। वरुण चक्रवर्ती ने मैच के बाद कहा कि ड्रेसिंग रूम में कई खिलाड़ी भावुक हो गए थे और उनकी आंखों में आंसू थे। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा नजारा 2024 में ट्रॉफी जीतने के दौरान भी देखने को नहीं मिला था। वरुण ने इस मुश्किल दौर में टीम को संभालने का श्रेय कोचिंग स्टाफ को दिया, जिन्होंने खिलाड़ियों को बाहरी आलोचनाओं से दूर रखा और टीम का मनोबल बनाए रखा।
वरुण की गेंदबाजी बनी जीत की नींव
मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की थी। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 81 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने पहले वैभव को आउट किया, फिर ध्रुव जुरेल और कप्तान रियान पराग को पवेलियन भेजकर राजस्थान को दबाव में ला दिया। उनकी कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत राजस्थान 20 ओवर में 9 विकेट पर 155 रन ही बना सकी। वरुण ने 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 3 विकेट लिए।
रिंकू और अनूकुल ने दिलाई जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम 85 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे में रिंकू सिंह और अनूकुल राय ने शानदार साझेदारी कर टीम को संकट से निकाला। रिंकू ने 34 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए, जबकि अनूकुल ने 16 गेंदों पर 29 रन जोड़ते हुए टीम को दो गेंद बाकी रहते जीत दिला दी। वरुण चक्रवर्ती को उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।