यूक्रेन को तुरंत बहुत पैसों की ज़रूरत, जेलेनेस्की परेशान

यूक्रेन को तुरंत बहुत पैसों की ज़रूरत, जेलेनेस्की परेशान

रूस के ताबड़तोड़ हमले झेल रहे यूक्रेन की माली हालत बेहद खस्ता हो गई है और राष्ट्रपति ब्लादिमिर जेलेनेस्की ने फ़ौरन पैसों की ज़रूरत बताई है।

जेलेनेस्की ने रविवार को मीडिया के साथ इस बारे में खुलकर बातचीत की और अपनी बातचीत को सोशल मीडिया पर शेयर भी किया।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अपने देश के सामने मौजूद दो प्रमुख चुनौतियों - बैलिस्टिक मिसाइल और सुरक्षा के लिए फंडिंग का जिक्र करते हुए कहा, ‘बहुत सारे पैसे की ज़रूरत है। मैं इस पर फ़्रांस और जर्मनी के साथ काम कर रहा हूँ। असल में, हमें यूक्रेन के लिए तय यूरोपियन फ़ंड का दूसरा हिस्सा समय से पहले ही हासिल करना होगा, और यह बहुत मुश्किल काम है।’

जेलेनेस्की ने कहा कि उनके देश को यूरोप से €30 बिलियन का फ़ंड मिलना है और वह इसका इंतज़ार कर रहे हैं। लेकिन यह फ़ंड ज़रूरी कानून पास होने से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के बजट में अभी $27 बिलियन की कमी है।

जेलेनेस्की ने कहा कि साल की शुरुआत में रक्षा मंत्रालय ने फ़ैसला किया था कि जो फ़ंड साल की दूसरी छमाही में जारी किया जाना है, उसे पहली छमाही में ही इस्तेमाल कर लिया जाए और वह पैसा ड्रोन बनाने और दूसरी ज़रूरतों में खर्च हो गया। अब, साल की दूसरी छमाही में, उस फ़ंड की भरपाई करने और उसे पूरा करने की ज़रूरत है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि जनवरी 2027 के लिए हथियार और अन्य जरूरी चीजों को जुटाने के लिए $8–10 बिलियन की ज़रूरत है। उन्होने कहा कि $20 बिलियन सैनिकों की सैलरी, मारे गए सैनिकों के परिवारों को भुगतान और फंडिंग के दूसरी जरूरतों को पूरा करने के लिए चाहिए है।

जेलनेस्की का मानना है कि रूस अपने हमलों का दायरा बढ़ा रहा है और वह सर्दियों का इंतज़ार कर रहा है। उन्होने कहा कि उनके देश को सर्दियां गूजारने के लिए अमेरिका के हथियार भंडार से मिसाइलों की जरूरत है।